परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश थमता नजर नहीं आ रहा। कहीं बंदूक, कहीं भजन कीर्तन तो कहीं मोबाइल टॉवर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। सागर जहरीली शराब कांड के बाद शराबबंदी की मांग तेज हो गई।

टॉवर पर चढ़ी महिला

शिवपुरी के पिछोर क्षेत्र के गूगरी गांव की कुछ महिलाएं अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाने के लिए मोबाइल टॉवर पर चढ़ गईं, जबकि अन्य महिलाएं नीचे बैठकर विरोध करती रहीं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामला पिछोर क्षेत्र के गूगरी गांव का बताया जा रहा है। जिसका वीडियो भी सामने आया है।

ये भी पढ़ें: शिवपुरी में शराब पर बवाल: महिलाएं सड़क पर उतरी, दुकानों में की तोड़फोड़, पुलिस-आबकारी टीम को दौड़ा दौड़ा कर खदेड़ा

महिलाओं का आरोप है कि गांव में शराब दुकान का लाइसेंस नहीं होने के बावजूद देशी और कच्ची शराब आसानी से उपलब्ध है। शराब के सेवन के बाद घरेलू विवाद और मारपीट की स्थिति बनने का भी उन्होंने आरोप लगाया। महिला विनीता ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत के बावजूद प्रभावी रोक नहीं लग सकी। वहीं सूचना पर पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार पुलिस टीम के साथ पहुंचीं। पुलिस ने महिलाओं से बातचीत कर उनकी मांग सुनी और कार्रवाई का आश्वासन दिया। समझाइश के बाद टॉवर पर चढ़ी महिलाएं नीचे उतर आईं।

कहीं बंदूक तो कहीं भजन कीर्तन

वहीं पिछोर क्षेत्र में एक महिला के हाथ में बंदूक थामे वीडियो सामने आया है, जिसे चिड़ीमार बंदूक बताया जा रहा है। वहीं खनियाधाना में महिलाओं ने थाने में बैठकर भजन-कीर्तन के जरिए अवैध शराब के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। हालांकि बंदूक लेकर विरोध का मामला चार दिन पुराना बताया जा रहा है।

लगातार सामने आ रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। जिला आबकारी अधिकारी समेत विभाग के जिम्मेदारों की मीडिया से दूरी भी चर्चा में है। हालांकि, बढ़ते आक्रोश के बीच जिला प्रशासन ने शराब दुकानों में तोड़फोड़ के मामलों में एफआईआर और गिरफ्तारियां की हैं। वहीं कलेक्टर के निर्देश के बाद अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज होने का दावा किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m