कुंदन कुमार/पटना। बिहार की राजधानी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत द्वारा हासिल की गई अभूतपूर्व उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बिहार ज्ञान की धरती है और पीएम मोदी का कार्यकाल भारत के लिए एक वरदान साबित हुआ है।

​राष्ट्र सर्वोपरि: सुरक्षा और आत्मनिर्भरता

​मंत्री चौहान ने कहा कि 2014 से पहले देश की स्थिति दयनीय थी, लेकिन पीएम मोदी के आगमन के बाद राष्ट्र हित को सर्वोपरि रखा गया। आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रहार करते हुए देश को सुरक्षित बनाया गया। उन्होंने गर्व से कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना हो या पाकिस्तान के भीतर घुसकर एयर स्ट्राइक करना, सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ कभी समझौता नहीं किया। आज भारत रक्षा उपकरणों का आयातक नहीं, बल्कि निर्यातक बन चुका है, जो 38,400 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

​12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियां और जन-कल्याण

​शिवराज सिंह चौहान ने इन 12 वर्षों की विकास यात्रा को आंकड़ों के माध्यम से स्पष्ट किया:

  • ​गरीबी उन्मूलन: 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए। 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान और 12 करोड़ शौचालय मिले।
  • ​स्वास्थ्य और सुरक्षा: 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत का कवच मिला। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देकर भारत ने दुनिया की सबसे बड़ी खाद्यान्न सुरक्षा योजना चलाई है।
  • ​आर्थिक सशक्तिकरण: 11 करोड़ जनधन खाते खुले, 1 करोड़ बहनें ‘लखपति दीदी’ बनीं और 57 करोड़ लोगों ने स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाए। डिजिटल क्रांति का प्रमाण यूपीआई ट्रांजैक्शन की ऐतिहासिक वृद्धि है।
  • ​आधारभूत संरचना और शिक्षा: वंदे भारत ट्रेन से कनेक्टिविटी सुधरी है और नई शिक्षा नीति लागू की गई है। सेमीकंडक्टर और चिप निर्माण के क्षेत्र में भारत वैश्विक केंद्र बन रहा है।
  • ​सांस्कृतिक गौरव: गुलामी के प्रतीकों को मिटाते हुए राजपथ अब ‘कर्तव्य पथ’ है, मुगल गार्डन ‘अमृत उद्यान’ बन गया है और इंडिया गेट पर नेताजी की भव्य प्रतिमा स्थापित हुई है।

​किसानों के लिए विशेष घोषणाएं

​कृषि मंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि 30 जून से पहले बिहार में मनरेगा के तहत किसानों का बकाया भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने यूरिया की उपलब्धता और प्रधानमंत्री किसान निधि योजना के लाभ पर जोर देते हुए कहा कि सरकार निरंतर अन्नदाता की सेवा में समर्पित है। अंत में उन्होंने कहा जनता की सेवा ही भगवान की पूजा है और यही मोदी सरकार का मूल मंत्र है।