रवि रायकवार, दतिया। Shivraj Singh Chouhan Flying Kiss: एमपी के दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान बसई पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। सभा के दौरान शिवराज ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और प्रदेश में भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान सभा में एक दिलचस्प पल भी देखने को मिला, जब भीड़ से किसी ने मामा आई लव यू कहा तो शिवराज ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, आई लव यू टू… बहुत दिनों से आपकी याद आ रही थी।
बसई की जनसभा में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता का नहीं बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में मध्य प्रदेश डकैतों, खराब सड़कों, बिजली संकट और अविकास के लिए जाना जाता था, जबकि भाजपा सरकार ने प्रदेश को विकास की नई दिशा दी। उन्होंने बसई में बने आधुनिक सीएम राइज स्कूल, दतिया में मेडिकल कॉलेज, वेटरनरी कॉलेज और अन्य विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग के हित में लगातार काम किया है।
अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब आवास योजना के नियमों में बदलाव कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को लाभ दिया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण विकास कार्यों को गति देने की बात कही। अंत में उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा का विधायक चुने जाने पर क्षेत्र का विकास और तेज़ी से होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


