शिवम मिश्रा, रायपुर। कांग्रेस नेता को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी की CJM कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने तलाश तेज कर दी है। पुलिस टीम ने आज शहर के आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की।

इस दौरान बैरनबाजार स्थित अनवर ढेबर के निवास, शंकर नगर के पाल्म बेलाजियो अपार्टमेंट और फाफाडीह स्थित होटल वेलिंगटन कोर्ट समेत कई जगहों पर पुलिस ने दबिश दी।

क्या है मामला

यह पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और प्रार्थी, उसके बेटे व परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए रविवार को शोएब ढेबर को पकड़ा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किए थे। उसके बाद आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे स्वतंत्र करने की अनुमति दी थी।

इसके बाद पुलिस ने उन्हीं आधारों को सामने रखते हुए नियमित अदालत में मंगलवार को दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। अब शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H