अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले में एक मजदूर का संदिग्ध हालत में शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक की पहचान सुदामा सिंह के रूप में हुई है, जो कैमूर जिला के मोहनिया थाना क्षेत्र के दंडवास गांव के निवासी थे। बताया जाता है कि लगभग 40 साल से वह संझौली के कर्मा गांव के धनंजय सिंह के रहकर मजदूरी करते थे। पूरा मामला संझौली थाना क्षेत्र के कर्मा गांव का है।
घर पर अकेले रहता था मृतक
मिली जानकारी के अनुसार मृतक सुदामा प्रसाद अपने मालिक धनंजय सिंह का सारा काम देखते थे। सुदामा जिनके यहां मजदूरी करते थे उनके घर पर कोई नहीं रहता था। वह अकेले पूरे घर एवं खेत खलियान की देखरेख करते थे। जानकारी मिली है कि वह गांव में ब्याज पर लोगों को पैसा भी देता था।
नग्न हालत में मिला शव
आशंका व्यक्त की जा रही है कि चार-पांच दिन पहले ही उसकी मौत हुई है। मृतक के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। उसका शव नग्न हालत में पड़ा हुआ था। बंद पड़े मकान से जब दुर्गंध आने लगी तो लोगों ने किसी अनहोनी की आशंका जाहिर करते हुए घर के अंदर लोगों ने देखा, तब जाकर घटना का खुलासा हुआ।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किया। फिलहाल पुलिस मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
पुलिस ने मृतक युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दी है। इसके साथ ही पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजहों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
ये भी पढ़ें- खुसरूपुर में हाइड्रा की टक्कर से बस पर सवार यात्री नीचे गिरा, एक की मौत और दूसरा गंभीर रूप से घायल


