कुमार इंदर, जबलपुर। जिले के प्रसिद्ध बगदरी वॉटरफॉल में दो मासूम बच्चों के साथ बर्बरता और अमानवीय व्यवहार का बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। नहाने पहुंचे दो नाबालिग बच्चों को दबंग युवकों ने घेर लिया और उन पर चोरी का झूठा आरोप लगाते हुए न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उन्हें अर्धनग्न कर उनका वीडियो भी बना लिया।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में दोनों मासूम गिड़गिड़ाते हुए रहम की भीख मांगते नजर आ रहे हैं। वे बार-बार दुहाई दे रहे हैं कि उन्होंने कोई चोरी नहीं की है, लेकिन आरोपी युवक लगातार उनके साथ मारपीट और गंदी-गंदी गालियां देते रहे।
शराब के पैसों के लिए गुंडागर्दी और लूट का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित दोनों बच्चे पाटन क्षेत्र के निवासी हैं और वे बगदरी वॉटरफॉल में नहाने गए थे। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ सिरफिरे युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दबंग युवकों ने बच्चों से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब बच्चों ने मना किया, तो उन पर चोरी का बेबुनियाद आरोप लगाकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया और मारपीट शुरू कर दी गई।
दमोह जिले के बताए जा रहे आरोपी, पुलिस जांच में जुटी
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मारपीट और वीडियो बनाने वाले आरोपी युवक पड़ोसी जिले दमोह के तेंदूखेड़ा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



