पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। नैनपुर तहसील के ग्राम हीरापुर में गणेश मंच पर सो रहे लोगों पर अचानक बिजली का तार गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में करंट की चपेट में आने से 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग घायल हो गए हैं।

अलसुबह की घटना

घटना तड़के सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। हीरापुर गांव में बने गणेश मंच पर करीब 8 लोग सो रहे थे। तभी अचानक पास के बिजली के खंभे में लगे टीसी (अस्थायी) कनेक्शन के पास से एक हाई-टेंशन तार टूटकर सीधे मंच पर जा गिरा। तार गिरते ही पूरे मंच में करंट फैल गया और वहां सो रहे लोग बुरी तरह इसकी चपेट में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद से पूरे गांव में मातम

हादसे के बाद चीख-पुकार मचते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे में घायल हुए लोगों में से दो का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है, जबकि एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम और पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घटना के बाद से ही पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। इस भीषण हादसे के बाद अब बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर गणेश मंच के पास बिजली व्यवस्था में इतनी लापरवाही कैसे हुई और टीसी कनेक्शन के पास से तार टूटकर मंच पर कैसे गिरा?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m