दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत मालाखेड़ी रोड स्थित लाइफ स्टाइल कॉलोनी के पास एक दिल दहलाने वाली वारदात आई है। यहां एक लिव-इन पार्टनर ने मामूली बात पर महिला साथी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पेट और गले पर किए थे गहरे वार, आरोपी फरार

जानकारी के अनुसार, आरोपी गणपत चौरे ने मंगलवार दोपहर को अपनी लिव-इन पार्टनर आशा यादव (32 वर्ष) पर चाकू से कातिलाना हमला किया था। आरोपी ने महिला के पेट और गले के नीचे चाकू से कई गहरे वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गणपत महिला को तड़पती हुई हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।

दो मासूम बच्चियों ने दिखाई बहादुरी, पहुंचाया अस्पताल
घटना के वक्त खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल महिला को तड़पता देख, पड़ोस में रहने वाली दो छोटी बच्चियों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। वे तत्काल घायल आशा यादव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचीं। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत बेहद नाजुक थी और उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया जाना था लेकिन महिला के साथ कोई भी अटेंडर मौजूद नहीं था। नियम और सुरक्षा के लिहाज से बिना अटेंडर के उसे रेफर नहीं किया जा सका और आईसीयू (ICU) में इलाज के दौरान ही उसकी सांसें थम गईं।

पड़ोसी महिला भी कमरा खाली कर गायब, पुलिस जांच में जुटी

पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाला मोड़ आया है। वारदात के अगले ही दिन मृतका के पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला भी अचानक अपना कमरा खाली कर गायब हो गई है। पुलिस अब उस महिला की भी तलाश कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी हैं। मृतका आशा यादव के मूल निवास और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है ताकि शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंपा जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m