सतीश दुबे, डबरा। ग्वालियर जिले के डबरा अंतर्गत भितरवार थाना क्षेत्र के ग्राम इकहरा से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सिद्ध बाबा मंदिर के निर्माण कार्य में लगे एक कारीगर (मिस्त्री) की उसके ही साथ काम करने वाले हेल्पर (बेलदार) ने धारदार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी। सुबह मंदिर के पुजारी ने कारीगर का खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

शराब पीने के बाद हुआ था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक कारीगर कल्लू (जो भोरी गांव का रहने वाला कालू जाटव बताया जा रहा है) ग्राम इकहरा स्थित सिद्ध बाबा मंदिर में टाइल्स लगाने का काम करने आया था। मंदिर परिसर में ही काम के चलते कारीगर और उसका हेल्पर रात में रुकते थे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बीती रात शराब पीने और खाना खाने के दौरान किसी बात को लेकर मिस्त्री और हेल्पर (बेलदार) के बीच तीखा विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर हेल्पर ने धारदार हथियार से कारीगर कल्लू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हेल्पर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

ग्रामीणों ने देखा था भागते हुए

घटना की सूचना मिलते ही भितरवार थाना पुलिस मौके पर पहुँची और तुरंत जाँच-पड़ताल शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए हैं। मौके पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि रात के वक्त कुछ लोगों ने हेल्पर को गांव से बाहर निकलते हुए देखा था, लेकिन उस समय किसी को अंदेशा नहीं था कि वह इतनी बड़ी खौफनाक वारदात को अंजाम देकर भाग रहा है।

मामले की बारीकी से जांच

पुलिस का कहना है कि आरोपी हेल्पर की तलाश में दबिश दी जा रही है। उसकी गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हत्या के असली कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m