दुमका। झारखंड के दुमका जिले में करीब दो महीने पहले कुएं से मिले पांच वर्षीय बच्चे के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि अमन किस्कू की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी मां ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी मां डोली किस्कू (24) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लगातार होने वाले विवाद और घरेलू तनाव के चलते महिला ने अपने पांच साल के बेटे को रास्ते से हटाने का फैसला किया। पूछताछ में महिला ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
कुएं में मिला था मासूम का शव
20 जून को गोपीकांदर थाना क्षेत्र के धोबरना गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर एक कुएं में ग्रामीणों ने पांच वर्षीय अमन किस्कू का शव देखा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला।
अमन अपनी मां डोली के साथ अपने ननिहाल में रहता था। बच्चे की मौत को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पति से विवाद ने बिगाड़ा पूरा मामला
जांच में पुलिस को पता चला कि अमन के पिता निकोलस किस्कू पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के भिंडीवन गांव के रहने वाले हैं और मजदूरी करते हैं। काम के सिलसिले में वह अक्सर घर से बाहर रहते थे।
पुलिस के अनुसार, निकोलस जब घर आता था तो धोबरना गांव में पत्नी और बेटे से मिलने पहुंचता था। डोली चाहती थी कि पति उसे और बेटे को अपने साथ अपने गांव ले जाए, लेकिन निकोलस का कहना था कि वह कुछ दिनों के लिए ही घर आता है और फिर काम के लिए बाहर चला जाता है।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मामले को सुलझाने के लिए ग्रामीण स्तर पर कई बार पंचायती भी हुई, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
बेटे को कुएं में फेंकने का आरोप
थाना प्रभारी सुमित भगत के अनुसार, लगातार तनाव और पति से विवाद के कारण डोली मानसिक रूप से परेशान रहती थी। पुलिस का दावा है कि इसी आक्रोश में उसने 19 जून की देर रात अपने बेटे अमन को घर से बाहर ले जाकर कुएं में धकेल दिया।इसके बाद बच्चे की मौत हो गई और अगले दिन कुएं से उसका शव बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में मां ने कबूला अपराध
पुलिस ने जांच के दौरान महिला से पूछताछ की, जिसमें उसके खिलाफ कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान डोली ने अपने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित भगत ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।पुलिस अब मामले में सामने आए सभी तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

