लक्ष्य वर्मा, करनाल। करनाल के सेक्टर-9 में महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुरानी पार्किंग रंजिश थी। पुलिस के अनुसार, पड़ोसी युवक ने बदला लेने के लिए शूटर को सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया।

पुलिस जांच में पता चला कि मृतक महिला और आरोपी पक्ष के बीच काफी समय से पार्किंग को लेकर विवाद चल रहा था। मामला पहले पुलिस चौकी तक भी पहुंच चुका था। इसी विवाद के बीच आरोपी विकास के पिता इंद्र सिंह की मौत हो गई थी। आरोपी को शक था कि इस पूरे मामले में महिला की भूमिका रही है। इसी रंजिश ने बाद में हत्या का रूप ले लिया।

बताया गया कि आरोपी विकास ऑस्ट्रेलिया में रहता है। कुछ समय पहले वह बैंकॉक गया था, जहां उसकी मुलाकात शूटर विकास से हुई। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले विकास ने शूटर की आर्थिक मदद भी की। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान महिला की हत्या की साजिश रची गई।

इसके बाद शूटर विकास ने सेक्टर-9 निवासी और बिजली विभाग में कार्यरत महिला को गोली मार दी। वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी शूटर विकास को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 6 दिन के रिमांड पर लिया है। पिछले कई दिनों से उसका इलाज चल रहा था। अब पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और हत्या की साजिश के बारे में जानकारी जुटा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि शूटर विकास पर पहले से हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह दो बार पैरोल पर जेल से बाहर आ चुका था। तीसरी बार पैरोल के दौरान फरार हो गया था, जिसकी पुलिस को तलाश थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले मुख्य आरोपी को भी भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी आगे कौन सी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था।

