गुरुग्राम : साइबर सिटी गुरुग्राम में शनिवार आधी रात को दिल्ली-जयपुर हाईवे (Delhi-Jaipur Highway) गोलियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। क्राइम ब्रांच सेक्टर-40 की टीम ने एक एनकाउंटर के बाद कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग (Himanshu Bhau Gang) के दो शार्प शूटरों को धर दबोचा। दोनों तरफ से हुई इस क्रॉस फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उन्हें घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बदमाशों ने पुलिस गाड़ी पर दागीं 3 गोलियां, बाल-बाल बचे जवान

यह मुठभेड़ उस समय हुई जब सीआईए सेक्टर-40 (CIA Sector-40) की टीम को इनपुट मिला था। सूचना थी कि बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो शूटर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए मानेसर की तरफ घूम रहे हैं। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और सहरावन गांव के पास नाकेबंदी कर दी।

जैसे ही पुलिस टीम ने बाइक सवारों को रोकने का इशारा किया, बदमाशों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग (firing on police) शुरू कर दी। बदमाशों की तरफ से चलाई गई तीन गोलियां पुलिस की सरकारी गाड़ी पर जा लगीं। गनीमत यह रही कि गाड़ी में सवार पुलिसकर्मी इस हमले में बाल-बाल बच गए।

15 राउंड चलीं गोलियां, बाइक और पिस्तौल बरामद

बदमाशों के हमले के बाद पुलिस ने भी खुद के बचाव में जवाबी कार्रवाई की। रात के अंधेरे में दोनों तरफ से करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग (cross firing) हुई। पुलिस की गोलियां दोनों शूटरों के पैरों में लगीं, जिससे वे बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को काबू कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान कर्ण उर्फ रोनी और प्रवेश के रूप में हुई है। ये दोनों दिल्ली के कंझावला गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने मौके से उनकी काले रंग की स्प्लेंडर बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली है।

अस्पताल में कड़ी सुरक्षा, ठीक होते ही होगी गिरफ्तारी

पैर में गोली लगने से घायल हुए दोनों अपराधियों को इलाज के लिए सेक्टर-10 के जिला नागरिक अस्पताल (Civil Hospital Gurugram) में भर्ती कराया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम पुलिस की कड़े पहरे के बीच उनका इलाज कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों बदमाशों के अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि गैंग के अन्य ठिकानों का पता लगाया जा सके।