Bihar News: बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार आज गुरुवार (26 मार्च) को नवादा पहुंचे, जहां पार्टी विधायक विभा देवी के घर जाकर उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। गौरतलब है कि बीते दिनों जदयू विधायक विभा देवी और पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव के छोटे बेटे अखिलेश यादव की एक सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान मौते हो गई थी।
विभा देवी ने अस्पताल पर लगाया आरोप
इस दौरान जदयू विधायक विभा देवी ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने मुफ्फसिल थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर उचित इलाज मिलता, तो अखिलेश की जान बच सकती थी। विभा देवी का कहना है कि, अगर अस्पताल अखिलेश को 6-7 घंटे तक अपने पास नहीं रखा होता, तो आज उनका बेटा जीवित होता।
श्रवण कुमार ने दिए कार्रवाई के निर्देश
इस पर मंत्री श्रवण कुमार ने नवादा के डीएम और एसपी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि, मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान नवादा सदर एसडीओ अमित अनुराग और बीडीओ भी मौके पर मौजूद रहे।
पटना में इलाज के दौरान हुई थी मौत
बता दें कि बीते गुरुवार (19 मार्च) को यह घटना उस समय हुई थी, जब अखिलेश कुमार अपने आवास से कार लेकर कहीं जाने के लिए निकले। इसी दौरान अचानक अनियंत्रित होने की वजह से उनकी तेज रफ्तार कार एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोट आई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें कार से बाहर निकाला और अखिलेश को इलाज के लिए तत्काल पटना भेजा गया। हालांकि यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अखिलेश के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
राजनीति से दूर रहते थे अखिलेश
घर के सबसे छोटे बेटे की असामयिक मौत से विधायक विभा देवी और पूर्व मंत्री राजबल्लभ प्रसाद यादव का परिवार गहरे सदमे में है। उनके आवास पर स्थानीय नेता और उनके शुभचिंतक उन्हें इस दुख की घड़ी में सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। बता दें कि माता-पिता के राजनीति में होने के बावजूद मृतक अखिलेश राजनीति से दूर रहते थे। अपने मिलनसार स्वाभव की वजह से वह सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में काफी सक्रिय रहते थे।
ये भी पढ़ें- बिहार में दर्दनाक घटना: तीसरी मंजिल से एक साथ कूदे पति-पत्नी, सिर में सरिया घुसने से पति की मौत, महिला की बची जान
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

