कुंदन कुमार, पटना। बिहार की राजनीति में बयानों का दौर लगातार जारी है। इसी कड़ी में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है, जबकि विरोधी केवल बयानबाजी करने में लगे हैं।

​जल संसाधन विभाग पूरी तरह से सक्रिय

​राघोपुर में बाढ़ राहत और बचाव कार्यों को लेकर तेजस्वी यादव द्वारा उठाए गए सवालों पर पलटवार करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जल संसाधन विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ हर जगह काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पास इस समय कोई ठोस काम नहीं बचा है, इसलिए वे इस तरह की बेबुनियाद बातें करके सिर्फ सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं।

​छात्रों को गुमराह करना बंद करें तेजस्वी

​छात्रों के विरोध मार्च के मुद्दे पर बोलते हुए ग्रामीण विकास मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को छात्रों को गुमराह करना अब बंद कर देना चाहिए। जनता पहले ही उन पर से अपना विश्वास खो चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अभी चुनाव होने में पूरे साढ़े चार साल बाकी हैं, लेकिन विपक्ष अभी से अनर्गल बयानबाजी में जुट गया है।

​जदयू का असली उत्तराधिकारी निशांत कुमार

​उपेंद्र कुशवाहा द्वारा निशांत कुमार और दीपक प्रकाश को भाई बताए जाने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रवण कुमार ने स्पष्ट किया कि ऐसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के असली उत्तराधिकारी निशांत कुमार ही हैं। इसके साथ ही उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा के राजनीतिक इतिहास पर निशाना साधते हुए कहा कि जब-जब पू्र्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें राजनीतिक मौका दिया, उन्होंने तब-तब पाला बदल लिया।