29 जुलाई से 29 अगस्त तक चलेगी विशेष ट्रेन सेवा, देवघर-बासुकीनाथ-दुमका रूट पर भी बढ़ी सुविधा

देवघर। श्रावणी मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने यात्रियों के लिए विशेष रेल सेवाओं की घोषणा की है। 29 जुलाई से 29 अगस्त तक प्रतिदिन 12 कोच वाली तीन जोड़ी मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुछ श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों को अतिरिक्त स्टेशनों पर भी ठहराव दिया गया है।

तीन जोड़ी MEMU स्पेशल ट्रेनों का संचालन

रेलवे के अनुसार, 03549 मोहनपुर–जसीडीह MEMU पैसेंजर स्पेशल सुबह 7:25 बजे मोहनपुर से रवाना होकर 7:55 बजे जसीडीह पहुंचेगी। यह ट्रेन देवघर स्टेशन पर भी रुकेगी।

03552 जसीडीह–आसनसोल MEMU स्पेशल सुबह 8:10 बजे जसीडीह से रवाना होकर 11:00 बजे आसनसोल पहुंचेगी। यह ट्रेन कुमराबाद रोहिणी, शंकरपुर, मधुपुर जंक्शन, जामताड़ा, चित्तरंजन, सीतारामपुर और बाराचक सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

वहीं 03551 आसनसोल–जसीडीह MEMU स्पेशल दोपहर 2:40 बजे आसनसोल से चलकर 5:15 बजे जसीडीह पहुंचेगी और वापसी मार्ग के सभी प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

दुमका रूट के यात्रियों को भी मिलेगी सुविधा

03554 जसीडीह–दुमका MEMU स्पेशल शाम 5:25 बजे जसीडीह से रवाना होकर 7:15 बजे दुमका पहुंचेगी। वहीं 03553 दुमका–मोहनपुर MEMU स्पेशल शाम 7:45 बजे दुमका से चलकर 9:10 बजे मोहनपुर पहुंचेगी। ये ट्रेनें देवघर, मोहनपुर, बासुकीनाथ, जामा, न्यू मदनपुर सहित कई स्टेशनों पर ठहरेंगी।रेलवे के अनुसार, 29 जुलाई से 29 अगस्त के बीच प्रत्येक विशेष ट्रेन 32 फेरे लगाएगी।

श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों को मिला अतिरिक्त ठहराव

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने 03511/03512 आसनसोल–पटना–आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल को डुमरी हाल्ट और अथमल गोला स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव देने का निर्णय लिया है। वहीं 03527/03528 आसनसोल–गोरखपुर–आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल अब डुमरी हाल्ट स्टेशन पर भी रुकेगी।

रेलवे के अनुसार, इन सभी ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रत्येक ट्रेन इन स्टेशनों पर दो मिनट के लिए रुकेगी, जिससे श्रावणी मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।