० 69 हजार से बढ़ाकर 1.29 लाख वर्गफुट का मेला पंडाल, 330 RPF जवान तैनात; 2 अगस्त से मधुपुर-गया के बीच मेमू स्पेशल ट्रेन का संचालन

देवघर। श्रावणी मेला के दौरान लाखों कांवड़ियों की सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने जसीडीह, देवघर और बासुकीनाथ समेत प्रमुख तीर्थ स्टेशनों पर व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था और तकनीक आधारित संचालन के जरिए इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर रेल यात्रा का अनुभव देने की तैयारी की गई है।

रेलवे के अनुसार, श्रावणी मेला पंडाल का क्षेत्रफल 69,000 वर्गफुट से बढ़ाकर 1,29,000 वर्गफुट कर दिया गया है, जिससे यात्रियों के ठहरने और भीड़ प्रबंधन में सुविधा होगी। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है।

टिकटिंग और यात्री सुविधाओं का विस्तार

रेलवे ने तेज और सुगम टिकटिंग व्यवस्था के लिए 20 यूटीएस टिकट काउंटर, 6 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) और 30 मोबाइल यूटीएस डिवाइस तैनात किए हैं। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए 25 अतिरिक्त वाटर कूलर, लगभग 400 एलईडी लाइटें, विस्तारित प्रतीक्षालय, बेहतर पेयजल व्यवस्था और ‘मे आई हेल्प यू’ सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं।

स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष जोर

श्रावणी मेला के दौरान सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। पंडाल और यात्री मार्गों पर पीवीसी शीट, 8 मोबाइल बायो-टॉयलेट वैन तथा मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों की लगातार निगरानी की व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा के लिए 330 रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे, उन्नत पब्लिक एड्रेस सिस्टम, एलईडी डिस्प्ले बोर्ड, चिकित्सा सहायता केंद्र, अग्निशमन उपकरण और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। जसीडीह में 24×7 एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और आसनसोल मंडल में समर्पित वार रूम से पूरे मेले की निगरानी की जा रही है।

2 अगस्त से चलेगी मेमू स्पेशल ट्रेन

श्रावणी मेला के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मधुपुर-गया मेमू स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।

03654 गया–मधुपुर मेमू स्पेशल का संचालन 2 अगस्त से 16 अगस्त तक प्रतिदिन होगा। ट्रेन गया से शाम 5:00 बजे रवाना होकर अगले दिन 2:20 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
03653 मधुपुर–गया मेमू स्पेशल 3 अगस्त से 17 अगस्त तक प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन मधुपुर से 2:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:00 बजे गया पहुंचेगी।

दोनों ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग में जसीडीह और सिमुलतला स्टेशनों पर भी ठहरेंगी।

रेलवे ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे रेलवे के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, फुटओवर ब्रिज का उपयोग करें, पटरियां पार न करें और किसी भी सहायता के लिए रेलवे कर्मचारियों से संपर्क करें।