मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust) में तीन नए सदस्यों की आधिकारिक नियुक्ति कर दी गई है. अयोध्या के मणिरामदास छावनी में आयोजित ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से इन नामों पर मुहर लगाई गई. इस फैसले के तहत अयोध्या, दिल्ली और शिकोहाबाद के प्रमुख चेहरों को ट्रस्ट मंडल में शामिल किया गया है.
जानकारी के अनुसार, ट्रस्ट मंडल में अयोध्या के वरिष्ठ मदन मोहन पांडेय, दिल्ली के महेश भागचन्दका और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को नए ट्रस्टी के रूप में नियुक्त किया गया है. इसके अलावा, बैठक में राम मंदिर के पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन को लेकर 3 सदस्यीय समिति द्वारा सौंपी गई अंतिम रिपोर्ट पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया.
इसे भी पढ़ें : शिकारपुर की सियासत का बड़ा चेहरा अनिल शर्मा का निधन, भाजपा में शोक की लहर
हाल ही में चंदा विवाद और इस्तीफा प्रकरणों के बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता लाने के लिए ये अहम बदलाव किए जा रहे हैं. तीनों नए सदस्यों के शामिल होने से ट्रस्ट के प्रशासनिक मामलों के संचालन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.
इस्तीफे के बाद खाली थे पद
बता दें कि चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव रहे चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद ट्रस्ट में दो महत्वपूर्ण पद रिक्त हो गए थे. वहीं, ट्रस्ट सदस्य राजा अयोध्या विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन के बाद से एक पद और खाली था. इन्हीं तीनों रिक्त पदों पर आज नियुक्तियां की गई हैं.



