काजल,हिसार. हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लीगल डिपार्टमेंट के स्टेट चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल,स्टेट मीडिया कॉर्डिनेटर एडवोकेट बजरंग इंदल और वरिष्ठ कार्यकर्ता जगदीश बिश्नोई ने कहा कि कांग्रेस महासचिव एवं संगठन प्रभारी के.सी. वेणुगोपाल तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा द्वारा श्रीराम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में उठाए गए प्रश्न पूरी तरह जनहित और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े हुए हैं। केंद्र सरकार को इन सवालों से बचने के बजाय देश के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
एडवोकेट खोवाल और एडवोकेट इंदल ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था के केंद्र हैं। इसलिए यदि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय लेन-देन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं तो उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होना लोकतंत्र और श्रद्धालुओं दोनों के हित में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मांग है कि पूरे मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके और किसी भी प्रकार के संदेह का अंत हो। खोवाल ने कहा की के.सी. वेणुगोपाल और कुमारी सैलजा ने केवल वही सवाल उठाए हैं जो आज देश का आम श्रद्धालु पूछ रहा है। यदि सब कुछ पारदर्शी है तो सरकार स्वतंत्र जांच से क्यों घबरा रही है? सरकार को स्वयं आगे आकर निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए।
एडवोकेट बजरंग इंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर तथ्यों के आधार पर जवाब देना चाहिए। श्रद्धालुओं द्वारा भगवान के चरणों में अर्पित प्रत्येक रुपये का हिसाब देश की जनता को मिलना चाहिए। किसी भी प्रकार की कथित अनियमितता सामने आने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए चाहे वे कितने ही प्रभावशाली क्यों न हों।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी धार्मिक आस्था का सम्मान करती है और भगवान श्रीराम किसी एक दल की नहीं बल्कि पूरे देश की आस्था हैं।
इसलिए भगवान के नाम पर जुटाए गए धन के संबंध में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। इंदल ने प्रधानमंत्री मोदी से मांग की कि वह इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़े और देश को तथ्य बताए तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा करे।
- बेटी जैसी पाली थी ‘कटोरी’… बकरी की मौत पर किसान ने कराई तेरहवीं, 500 लोगों को कराया भोज
- क्या आप भी गांव में अमर करना चाहते हैं पुरखों का नाम? सरकार लाई शानदार मौका, तुरंत करें आवेदन
- चंडीगढ़ में बंदी सिंहों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन, राज्यपाल आवास की ओर बढ़ने पर पुलिस ने की कार्रवाई
- साजिश, दबाव या कोई गहरा राज? लखनऊ से रहस्यमयी तरीके से गायब दारोगा, वाराणसी के इस इलाके में मिली आखिरी लोकेशन
- मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसा: खाटू श्याम जा रहे परिवार की कार ट्रक से टकराई, 4 लोगों की मौत


