कुंदन कुमार, पटना। जेडीयू के वरिष्ठ विधायक श्याम रजक ने विपक्ष के नेताओं पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने राजद सांसद मीसा भारती और अन्य विपक्षी नेताओं पर कड़ा प्रहार करते हुए दो टूक कहा कि इन्हें किसी भी घटना की कोई संवेदना नहीं है, इनका एकमात्र एजेंडा सिर्फ अपनी राजनीतिक टीआरपी बढ़ाना रह गया है।

​अपराधी को चमकाने का चल रहा है हथकंडा

​श्याम रजक ने खरी-खखरी सुनाते हुए कहा कि ये नेता कभी भी जमीन पर उतरकर आम जनता की बुनियादी समस्याओं को नहीं उठाते। न्यायालय द्वारा अपराधी घोषित किए जा चुके शख्स और उसके बदनाम परिवार को इन बयानों के जरिए चमकाने की घृणित कोशिश की जा रही है। उन्होंने विपक्ष के बयानों को संस्कारहीन और संवेदनहीन बताते हुए कहा कि उनके पास सार्थक शब्दों का भारी अभाव है। उन्होंने साफ किया कि वे इस बात में नहीं पड़ना चाहते कि किसने क्या किया, लेकिन ऐसी ओछी भाषा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

​नीतीश राज में अपराधी चाहे अमीर हो या गरीब, खैर नहीं!

​नीतीश कुमार सरकार की नीतियों का बचाव करते हुए जेडीयू विधायक ने कहा कि हमारी सरकार न तो किसी का पक्ष लेती है और न ही किसी को बचाती है। साल 2005 के बाद से ही बिहार में अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई का इतिहास रहा है। सरकार का संदेश बिल्कुल साफ है अपराधी चाहे कोई अमीर हो या गरीब, कानून की नजर में वह सिर्फ एक अपराधी है और उस पर पारदर्शी तरीके से शिकंजा कसा जाएगा।

​अपराधियों के दिलों में बैठ चुका है कानून का खौफ

​श्याम रजक ने विश्वास जताते हुए कहा कि जिस रफ्तार से प्रशासन ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है, उससे उनका सिंहासन डोल गया है और उनके दिलों में कानून का भारी खौफ पैदा हो चुका है। कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को अब बचने का कोई मौका नहीं मिलेगा और उसे सलाखों के पीछे जाना ही होगा।