नितिन नामदेव, रायपुर. छत्तीसगढ़ में एसआई भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थी के नामों पर आपत्ति खड़े खरने वाली कांग्रेस पर भाजपा ने निशाना साधा. भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस के सवालों को युवाओं की मेहनत का अपमान करार दिया. उन्होंने कहा कि युवाओं के परिश्रम का उपहास उड़ाने  और तथ्यहीन अनर्गल बयानबाजी करने के लिए पूर्व सीएम भूपेश बघेल और दीपक बैज को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए.

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि सब-इंस्पेक्टर परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद कांग्रेस नेता बेबुनियाद दावे कर रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री बघेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अभ्यर्थियों के नामों (जैसे ‘न्यूज’, ‘स्पेस रानी’, ‘तुफैल’, ‘हे राम’ आदि) का हवाला देकर युवाओं का मज़ाक उड़ाया और भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाए. उन्होंने बताया कि सीजीपीएससी ने आधिकारिक पत्र जारी कर पहले ही साफ कर दिया है कि अभ्यर्थियों के नाम उनके वैध दस्तावेजों (जैसे 10वीं की मार्कशीट और आधार कार्ड) के आधार पर ही दर्ज हैं.

राहुल टिकरिहा ने मीडिया को एसआई भर्ती में सफल अभ्यर्थियों के वीडियो के सामने रखे, जिनमें अभ्यर्थी न्यूज कुमार प्रधान ने स्पष्ट किया कि उनका वास्तविक नाम ‘न्यूज़ कुमार प्रधान’ (निवासी रायगढ़) है. 10वीं की अंकसूची में सरनेम दर्ज न होने और त्रुटि के कारण केवल ‘न्यूज़’ रह गया था, लेकिन उनके बाकी सभी दस्तावेज (आधार कार्ड आदि) पूरी तरह वैध है. अभ्यर्थी हे राम (पिता- दाताराम) ने भी अपना पक्ष रखते हुए बताया कि उन्होंने अपनी मेहनत से मुख्य परीक्षा में सफलता पाई है और उनके नाम को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है.

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष टिकरिहा ने अभ्यर्थियों के अहम दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि कांग्रेस बिना किसी तथ्य और जानकारी के युवाओं के चयन पर सवाल उठाकर उनकी वर्षों की मेहनत और योग्यता का अपमान कर रही है. पूर्व कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस शासन के 5 सालों में परीक्षाओं में भारी भ्रष्टाचार हुआ था. 2023 के सीजीपीएससी  में टॉप 17 में चयनित होने वाले अधिकतर अधिकारियों, नेताओं के रिश्तेदार, बेटे-बहू थे. कांग्रेस ने 5 सालों तक एसआई भर्ती को अटका कर रखा और भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी. अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं करवा रही हैं. पूर्व में अटकी भर्ती को बढ़ाकर 971 पदों पर एसआई भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई. वर्तमान में एएसआई और एसआई के 341 पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया जारी है.    

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H