राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में मंगलवार दोपहर चांदी के सामान से भरा बैग लूटे जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बैग में करीब एक करोड़ रुपये कीमत का चांदी का सामान था। कूचा महाजनी से डिलीवरी के लिए निकले एक कर्मचारी को जहांगीरपुरी थाना परिसर के सामने दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने कथित तौर पर रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने कर्मचारी के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया और चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

पुलिस कर रही मामले का सत्यापन

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना की जानकारी सामने आई है और मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। हालांकि, वारदात के संबंध में कोई पीसीआर कॉल किए जाने की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस कर्मचारी से पूछताछ कर घटनाक्रम की पुष्टि कर रही है।

जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि लूटे गए बैग में वास्तव में कितने मूल्य का चांदी का सामान था। करीब एक करोड़ रुपये की चांदी की लूट का दावा फिलहाल जांच का विषय है।

सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश

पुलिस ने घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के जरिए आरोपितों की पहचान और वारदात के बाद उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

कारोबारी वर्ग में चिंता

कूचा महाजनी ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश सिंघल ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने दिनदहाड़े हुई इस कथित लूट को लेकर कारोबारियों में चिंता जताई। संगठन ने चांदी और आभूषणों की आवाजाही के दौरान कारोबारियों व कर्मचारियों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत समेत घटना की परिस्थितियों का सत्यापन किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m