प्रदीप मालवीय,उज्जैन। उज्जैन में “सिंहस्थ 2028” की तैयारियों को लेकर रेलवे और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया । खास बात यह रही कि वरिष्ठ अधिकारियों ने रेलवे के अधिकारियों के साथ ट्रेन कोच में बैठकर विभिन्न स्टेशनों का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उज्जैन जंक्शन के साथ विक्रम नगर, पिंगलेश्वर, पंवासा, चिंतामन, नईखेड़ी और मोहनपुरा सहित अन्य स्टेशनों का भ्रमण किया गया।

READ MORE: हर्षा रिछारिया के संन्यास पर विवाद, संत समाज ने उठाए सवाल, अनिलानंद महाराज बोले– ‘सनातन को बदनाम करने की साजिश’ 

उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि “सिंहस्थ 2028” को ध्यान में रखते हुए सभी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है । प्लेटफॉर्म विकास, फुटओवर ब्रिज, होल्डिंग एरिया, पेयजल और टॉयलेट जैसी मूलभूत सुविधाओं के काम शुरू हो चुके हैं और तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं ।

उन्होंने कहा कि यह संतोष की बात है कि रेलवे के कार्य अच्छी गति से चल रहे हैं और सिंहस्थ से पहले सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे । इस दौरान रेलवे और जिला प्रशासन के बीच समन्वय के तहत लंबित मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जिनमें अधिकांश को मंजूरी मिल चुकी है और आवश्यक एनओसी भी जारी हो गई हैं।

READ MORE: एंबुलेंस में इश्कबाजी! सड़कों पर सायरन बजाती दौड़ती रही थी Ambulance, मरीज की जगह मिली लड़की

कलेक्टर ने बताया कि सिंहस्थ के दौरान ट्रेनों की आवाजाही को लेकर भी विस्तृत प्लानिंग की गई है । मक्सी रोड, नागदा और इंदौर दिशा से आने वाली नियमित और स्पेशल ट्रेनों को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म और होल्डिंग एरिया की क्षमता तय की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी, जिससे सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुगम सुविधाएं मिल सकें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m