इमरान खान, खंडवा। हिंदी सिनेमा के महान और हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार के जन्मदिवस पर उनकी जन्मस्थली खंडवा में जश्न का माहौल है। देश-विदेश में बसे उनके प्रशंसक इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए खंडवा पहुंचे हैं। सुबह से ही किशोर कुमार की समाधि पर उनके चाहने वालों का जमावड़ा लगा हुआ है, जहां प्रशंसकों ने केक काटकर और उनकी पसंदीदा दूध-जलेबी का भोग लगाकर उन्हें याद किया।

देश-विदेश से पहुंचे प्रशंसक, गाए पसंदीदा नगमे

किशोर दा के जन्मदिन के मौके पर मुंबई, कोलकाता, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत देश-विदेश के कोने-कोने से किशोर प्रेमी खंडवा पहुंचे हैं। समाधि स्थल पर पहुंचे प्रशंसकों ने उनके सदाबहार गानों को गाकर अपने पसंदीदा कलाकार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा, बड़ी संख्या में प्रशंसक किशोर कुमार के बचपन की यादों को करीब से देखने के लिए उनके बॉम्बे बाजार स्थित पैतृक मकान भी पहुंच रहे हैं।

शाम को ‘किशोर नाइट’ की सजेगी महफिल

किशोर कुमार के जन्मदिन के अवसर पर खंडवा में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सुबह से ही नगर निगम और ‘किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच’ के संयुक्त तत्वावधान में सुरमई श्रद्धांजलि कार्यक्रम जारी है। शाम को शहर की पुरानी अनाज मंडी में भव्य ‘किशोर नाइट’ का आयोजन किया गया है। इस सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध पार्श्व गायक विनोद राठौर, पी. गणेश और प्रगति जोशी अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से किशोर दा के यादगार गीतों को जीवंत करेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m