सुरेश पांडेय, सिंगरौली। सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां बेटे के वियोग में एक महिला हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गई। सरई थाना क्षेत्र के इटमा गांव में सोमवार को 50 वर्षीय बबली साकेत अचानक चुनैईया नदी के पास लगे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि महिला का बेटा पिछले तीन महीने से हत्या के आरोप में जिला जेल पचौर में बंद है, जिसके बाद से महिला मानसिक रूप से काफी परेशान थी।
घटना की सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस, राजस्व अमला और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाया और बातचीत की। जब बात नहीं बनी तो स्थानीय समाजसेवी और नगर परिषद सरई के पार्षद प्रेम सिंह भाटी ने महिला से फोन पर बातचीत कर समझा बुझा कर मनाया।
आखिरकार लंबे प्रयासों के बाद महिला सकुशल टावर से नीचे उतर आई, जिससे पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

