सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता सामने आ रही है। जिले की बरगवां थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन (ब्राउन शुगर) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है।

बाधाडीह गांव के कजरदह टोला में दी दबिश

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरगवां पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि क्षेत्र के बाधाडीह गांव अंतर्गत कजरदह टोला में रहने वाली एक महिला अपने घर के आसपास अवैध रूप से हेरोइन (ब्राउन शुगर) बेच रही है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल ने तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया और मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया।

महिला आरोपी गिरफ्तार 

तलाशी के दौरान पुलिस ने महिला आरोपी रामबाई बसोर के कब्जे से 56 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की। पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह इस अवैध नशे की खेप को कहाँ से लेकर आती थी और इस कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m