सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में जन विश्वास शिविर में जमकर हंगामा हुआ। एसडीएम की गाड़ी के सामने कुछ युवक लाठी लेकर खड़े हो गए। अधिकारियों का रास्ता रोककर अपने इलाके की बदहाल व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए।

सिंगरौली की देवसर विधानसभा के गन्नई में आयोजित जनविश्वास अभियान शिविर के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया, जब दो युवक लाठी लेकर दंडाधिकारी और देवसर एसडीएम डॉ. सुशिर श्रीकृष्ण श्रीराम के वाहन के सामने खड़े हो गए। युवकों ने अधिकारियों का रास्ता रोककर अपने इलाके की बदहाल व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए। युवकों की मांग थी कि जर्जर सरकारी स्कूल और आंगनबाड़ी भवन का अफसर मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें। युवकों का कहना था कि जर्जर भवन में मासूम बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

आखिर कब तक सिर्फ आश्वासन मिलता रहेगा?

वहीं हंगामे के बीच देवसर एसडीएम डॉ. सुशिर श्रीकृष्ण श्रीराम युवकों को समझाते हुए नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जन विश्वास शिविर में समस्याओं के समाधान का दावा किया जाता है, लेकिन यहां जनता को अधिकारी की गाड़ी रोककर अपनी बात कहनी पड़ी। तो सवाल जरूर उठेंगे कि आखिर प्रशासन तक ग्रामीणों की आवाज क्यों नहीं पहुंच रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m