सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में बीते 6 दिनों से रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश अब भारी तबाही का कारण बन गई है। लगातार जारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। हादसों में अब तक 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि 5 मवेशियों की भी जान जाने की पुष्टि हुई है।
25 मकान जमींदोज, 555 को पहुंचा भारी नुकसान
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, बारिश के कारण जिले के 25 मकान पूरी तरह गिरकर ध्वस्त हो गए हैं, वहीं 555 मकानों को आंशिक व भारी नुकसान पहुंचा है। राजस्व अमले ने प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कार्य पूरा कर लिया है, और प्रशासन द्वारा प्रभावित पात्र परिवारों को जल्द ही राहत राशि वितरित करने की बात कही गई है।

पड़ोसी राज्यों के पानी से उफान पर नदियां
सिंगरौली की सीमाएं छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश से लगी हुई हैं। पड़ोसी राज्यों में हो रही भारी बारिश का पानी जिले की रिहंद, म्यार और गोपद जैसी प्रमुख नदियों में पहुंच रहा है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं। कई पुल-पुलियों और रपटों के ऊपर से पानी बहने से रास्ते बंद हो चुके हैं। इस बीच, ओडगड़ी गांव में एक उफनती नदी के बीच फंसे परिवार को SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

6 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन मुस्तैद
मौसम विभाग ने सिंगरौली में 6 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है और संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


