सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से आजादी के दशकों बाद भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव की एक बेहद दर्दनाक और शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। जिले के महुआ गांव के ‘कमरा टोला’ में सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने बदतर हैं कि रात के अंधेरे में परिजनों को एक ग्रामीण का शव खाट (चारपाई) पर लादकर ले जाना पड़ा।
खाट पर शव ले जाते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
शव ले जाते समय एक स्थानीय ग्रामीण ने अपना दर्द बयां करते हुए एक वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे पक्की सड़क न होने और कीचड़-पथरीले रास्ते की वजह से लोग बेहद लाचार स्थिति में खाट पर शव रखकर रात में पैदल चलने को मजबूर हैं।
ग्राम पंचायत के विकास के दावों की खुली पोल
इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद महुआ ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों और बड़े-बड़े दावों की हकीकत जनता के सामने आ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे सालों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से पक्की सड़क बनवाने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन आज तक केवल आश्वासन ही मिला है।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
कमरा टोला के ग्रामीणों का कहना है कि सड़क न होने के कारण सिर्फ शव ले जाने में ही नहीं, बल्कि मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और बच्चों के स्कूल जाने में भी रोज ऐसी ही मशक्कत करनी पड़ती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



