सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के एक स्कूल के शिक्षक और छात्रों के विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। अतिथि शिक्षक ने स्कूल के दो शिक्षकों पर छात्रों को उकसाकर पिटवाने का आरोप लगाया है। वहीं सोशल मीडिया पर मामले को जातिगत रंग देने की भी शिकायत की गई है। दूसरी ओर दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आइए जानते है आखिर पूरा मामला क्या है।
सिंगरौली जिले के बरगवां स्थित संदीपनी स्कूल में अतिथि शिक्षक आकाश तिवारी ने आरोप लगाया है कि 11 जुलाई को उन्होंने कक्षा में मोबाइल चलाते पकड़े गए छात्रों को अनुशासित किया था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद स्कूल के दो अन्य शिक्षकों ने स्कूल गेट के बाहर करीब 50 छात्रों को इकट्ठा कर उनके साथ हाथ-पैर और डंडों से मारपीट कराई।
ये भी पढ़ें: शाजापुर में ग्राम पंचायत सचिव की मौत: गाय से टकराकर सड़क पर गिरे, सिर के ऊपर से गुजर गया टैंकर
टीचर आकाश तिवारी का यह भी आरोप है कि घटना के बाद फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी पोस्ट डालकर मामले को जातिगत रंग देने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि छात्र के पिता की एक रिकॉर्डिंग में भी छात्र की पुरानी दुर्घटना का जिक्र किया गया है।
इस मामले में दोनों पक्षों ने बरगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अतिथि शिक्षक ने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इधर, विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस बल तैनात करने की मांग उठाई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

