० मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बोले- विशेष अभियान से तेजी से हुई मैपिंग; 5 अगस्त को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची

रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रविकुमार ने बताया कि अभियान के दौरान अनमैप्ड मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। अब तक चले विशेष सत्यापन अभियान के बाद अधिकांश मतदाताओं की सफलतापूर्वक मैपिंग कर ली गई है।


14,02,262 मतदाता अनमैप्ड श्रेणी में
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, 23 मई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित सूची में 70,62,319 अनमैप्ड मतदाता दर्ज थे। इसके बाद विशेष अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप 29 जुलाई तक यह संख्या घटकर 47,42,505 रह गई। इन्यूमरेशन चरण में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), राजनीतिक दलों के BLA-2 और स्वयंसेवकों के सहयोग से व्यापक स्तर पर मतदाताओं की मैपिंग की गई।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के बाद अब राज्य में केवल 14,02,262 मतदाता ही अनमैप्ड श्रेणी में शेष हैं, जिन्हें भी जल्द सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से सूचीबद्ध करने का प्रयास किया जा रहा है।

इन लोगों के नाम आएंगे अंतिम मतदाता सूची में
के. रविकुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की मतदाता सूची को सुपीरियर डॉक्यूमेंट माना है। जिन मतदाताओं की पिछले SIR की सूची से सफलतापूर्वक मैपिंग हो गई है और जिनके रिकॉर्ड में कोई तार्किक या तकनीकी विसंगति नहीं पाई गई है, उनके नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची के बाद अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

निर्वाचन विभाग का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में प्रत्येक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का निर्बाध उपयोग कर सके।