० 29 जुलाई तक फॉर्म वितरण और सत्यापन की प्रक्रिया होगी पूरी

रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। चुनाव आयोग के अनुसार राज्य के लगभग 99 प्रतिशत मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंच चुका है, जबकि बड़ी संख्या में फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है। आयोग ने 29 जुलाई तक पूरी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से समाप्त करने के निर्देश दिए हैं।

99% मतदाताओं तक पहुंचा फॉर्म

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, राज्य के 2,64,63,236 मतदाताओं में से 2,61,72,859 मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया जा चुका है। वहीं 2,22,63,810 फॉर्म (करीब 84 प्रतिशत) का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है।

17.56 लाख मतदाताओं से फॉर्म नहीं लौटे

चुनाव आयोग के अनुसार अब तक 17,56,154 मतदाताओं से इन्यूमरेशन फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए हैं। इनमें—

0 4,99,354 मतदाता मृत पाए गए।
0 2,62,262 मतदाता अनुपस्थित या पता नहीं चल सके।
0 7,81,934 मतदाता स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं।
0 2,07,017 मतदाता अन्य स्थानों पर पहले से पंजीकृत हैं।
0 5,587 मतदाताओं ने फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया।


29 जुलाई तक पूरी होगी प्रक्रिया

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 29 जुलाई तक इन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण, संग्रह, डिजिटाइजेशन और मतदान केंद्रवार रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी करनी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑनलाइन प्राप्त फॉर्म का समय पर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।

विशेष कैंप और प्रचार के निर्देश

निर्वाचन विभाग ने शहरी क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार विशेष कैंप लगाने, माइकिंग, मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। साथ ही जिन मतदाताओं के फॉर्म अभी तक प्राप्त नहीं हुए हैं, उन्हें अलग श्रेणी में रखकर आगे की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।