संजीत कबलाना, झज्जर। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने गुरुवार को एसआईआर कार्य की मॉनिटरिंग के उद्देश्य से बेरी विधानसभा क्षेत्र के गांव छारा, डीघल,रोहद सहित कई गांवों में बने बूथों का निरीक्षण करते हुए बीएलओ से एनमरेशन फार्म वितरण की जानकारी ली।

डीसी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत प्रदत्त शक्तियों तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 21 एवं अन्य लागू प्रावधानों के अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

हर पात्र व्यक्ति को मतदाता सूची में शामिल करना अनिवार्य

जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने बताया कि एस आईआर प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य एवं पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति निर्वाचक नामावली में शामिल न हो। भारत का प्रत्येक नागरिक, जिसकी आयु निर्धारित अर्हता तिथि को 18 वर्ष या उससे अधिक है और जो कानून के तहत अयोग्य नहीं है, मतदाता सूची में पंजीकरण का पात्र है।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गणना चरण के दौरान बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मौजूदा वोटर को गणना फॉर्म उपलब्ध करवा रहे हैं। मतदाता अपना भरा हुआ फॉर्म संबंधित बीएलओ के माध्यम से या ऑनलाइन माध्यम से जमा करवा सकते हैं। बीएलओ अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक घर का दौरा करते हुए वोटर को फार्म वितरित करना सुनिश्चित करें।

नए पात्र मतदाता मौके पर ही फार्म-6 में कर सकेंगे आवेदन

डीसी ने बताया कि घर-घर गणना अभियान के दौरान बीएलओ अपने पास खाली फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भी उपलब्ध रखेंगे, ताकि नए पात्र मतदाता मौके पर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकें। उन्होंने कहा कि जो मतदाता निर्धारित समयावधि में गणना फॉर्म जमा नहीं कर पाएंगे, वे दावे एवं आपत्तियों की अवधि के दौरान निर्धारित प्रक्रिया अनुसार आवेदन कर सकेंगे।

पारदर्शिता व जनभागीदारी बढ़ाने के लिए बीएलए निभाएं जिम्मेदारी

डीसी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। बीएलए जनता से निर्धारित संख्या में फॉर्म एकत्र कर बीएलओ को उपलब्ध करवा सकते हैं तथा प्रक्रिया के सुचारू संचालन में सहयोग कर सकते हैं।

एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने में नागरिकों का सहयोग अहम : डीसी

डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि जब बीएलओ उनके घर पहुंचे तो उन्हें सही जानकारी उपलब्ध करवाएं और आवश्यक फॉर्म भरकर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए त्रुटि रहित एवं अपडेट मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।