सिरसा: घर के बाहर सुरक्षा कर्मचारी तैनात थे। कोठी में कई जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगे थे। इसके बावजूद कारोबारी के घर से 80 तोला सोना और 3 लाख रुपये कैश गायब हो गए। वारदात के समय कारोबारी की पत्नी और बेटा घर पर थे। आरोप है कि दोनों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किया गया। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुरक्षा के इंतजामों के बीच आरोपी घर में कैसे घुसे और वारदात को अंजाम देकर निकल भी गए?

मामला सिरसा के सेक्टर-19 स्थित कारोबारी पंकज खेमका की कोठी का है। वह OHM के मालिक हैं। उनका मकान पूर्व सांसद अशोक तंवर की कोठी के पास और महिला थाने के नजदीक है। रविवार रात पंकज खेमका किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी, बेटा और नौकरानी मौजूद थे। इसी दौरान वारदात हुई।

नई नौकरानी पर जताया जा रहा शक

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर में हाल ही में एक नई नौकरानी रखी गई थी। वारदात के बाद से उसके गायब होने की बात सामने आई है। ऐसे में शक की सुई उसी की ओर घूम रही है। हालांकि, उसकी भूमिका और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

आशंका है कि पत्नी और बेटे को बेहोश करने के लिए किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया गया। घर में मौजूद कुत्ते को भी नशीली दवा दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।

80 तोला सोना और 3 लाख रुपये लेकर गए आरोपी

घर से करीब 80 तोला सोना और 3 लाख रुपये कैश गायब होने की जानकारी मिली है। आशंका है कि आरोपी कीमती सामान और नकदी बैग में भरकर ले गए। घर में अन्य सामान की भी जांच की जा रही है। इसलिए चोरी गए कुल सामान का आंकड़ा आगे बदल सकता है।

वारदात के बाद पत्नी और बेटे के मोबाइल फोन मकान के बाहर गेट के पास छिपाए जाने की बात भी सामने आई है। आरोपी कारोबारी की कार लेकर फरार हुए। महिला के साथ मारपीट की कोशिश किए जाने की जानकारी भी मिली है।

बाहर सिक्योरिटी, अंदर CCTV; फिर भी कैसे हुई वारदात?

इस मामले में सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। कोठी के बाहर और अंदर कई जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। बाहर दो से तीन स्थानों पर निजी सुरक्षा कर्मचारी भी तैनात बताए जा रहे हैं। इसके बावजूद किसी को वारदात का पता क्यों नहीं चला? आरोपी किस रास्ते से आए और किस तरह बाहर निकले? पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है।

रात ढाई बजे के बाद पुलिस को मिली सूचना

बताया जा रहा है कि वारदात रात करीब एक से दो बजे के बीच हुई। रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच पुलिस को सूचना मिली। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में टीमें जुट गईं। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।

आटे के नमूने भी लिए गए

जांच के दौरान घर के बाहर रखे कचरे में ताजा गूंथा हुआ गेहूं का आटा मिला। पुलिस ने आटे के नमूने जांच के लिए लिए हैं। आशंका है कि इसमें कोई नशीला पदार्थ मिलाया गया हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

फिलहाल पुलिस वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने, गायब नौकरानी की तलाश करने और लूटे गए सामान का पता लगाने में जुटी है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद कारोबारी की कोठी में लूट की पूरी साजिश कैसे रची गई।