सिरसा । गांव जमाल में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सोलर प्लांट में पहुंचे तीन बदमाशों ने वहां काम कर रहे ठेकेदार पर गोलियां चला दीं। हमले में 45 वर्षीय सुभाष चंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, सुभाष चंद्र गांव जमाल में स्थित सोलर प्लांट में ठेकेदारी का काम करते थे। मंगलवार दोपहर करीब तीन बदमाश प्लांट में पहुंचे। आरोपियों ने सुभाष चंद्र को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हमले में गंभीर रूप से घायल सुभाष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी वहां से निकल गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

बताया जा रहा है कि मृतक सुभाष चंद्र अपने परिवार में चार बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस वारदात से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ आरोपियों की पहचान और हत्या के कारण का पता लगाने में जुटी है। दिनदहाड़े सोलर प्लांट में हुई इस वारदात से गांव जमाल में भी दहशत का माहौल है।