सिरसा। हरियाणा के सिरसा में दसवीं और बारहवीं की आगामी बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने मिशन सफलता अभियान शुरू किया है। इसके तहत जिले के सरकारी स्कूलों को पिछले परीक्षा परिणाम के आधार पर रेड, येलो और ग्रीन जोन में बांटा गया है। 50 प्रतिशत से कम रिजल्ट वाले स्कूल रेड जोन में रखे गए हैं। इन स्कूलों पर विभाग विशेष ध्यान देगा।

इस अभियान को लेकर खंड शिक्षा कार्यालय सिरसा में जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार, सिरसा खंड के 32 राजकीय हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के मुखिया और जिला गणित विशेषज्ञ डॉ. प्रियदर्शन शामिल हुए।

रिजल्ट के आधार पर तय हुए तीन जोन

जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला ने बताया कि 50 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम वाले स्कूल रेड जोन में रखे गए हैं। 51 से 80 प्रतिशत तक परिणाम वाले स्कूल येलो जोन और 80 प्रतिशत से अधिक परिणाम वाले स्कूल ग्रीन जोन में शामिल किए गए हैं।

बैठक में ग्रीन जोन के स्कूल मुखियाओं ने बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए अपनाई गई शिक्षण पद्धतियों और रणनीतियों के अनुभव साझा किए। इसका उद्देश्य दूसरे स्कूलों को भी इन तरीकों से सीखने और अपना प्रदर्शन सुधारने के लिए प्रेरित करना है।

फुटेला ने कहा कि मिशन सफलता का लक्ष्य सिर्फ परीक्षा परिणाम बढ़ाना नहीं, बल्कि हर विद्यार्थी की क्षमता पहचानकर उसे बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करना है। रेड और येलो जोन के स्कूलों को तय कार्ययोजना के अनुसार काम करके अगले जोन में पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं, ग्रीन जोन के स्कूलों को अपना प्रदर्शन बनाए रखने और परिणाम में और सुधार करने के निर्देश दिए गए।

विद्यार्थियों को 10 साल के बोर्ड पेपर हल कराने के निर्देश

बैठक में स्कूल मुखियाओं और अध्यापकों को निर्देश दिए गए कि विद्यार्थियों को पिछले 10 वर्षों के बोर्ड प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास करवाया जाए। इसके लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने और सैंपल पेपर हल कराने पर जोर दिया गया।

विद्यार्थियों को लिखित अभ्यास कराने के साथ उत्तर लिखने की क्षमता विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा पीयर लर्निंग यानी विद्यार्थियों को आपसी सहयोग से पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने, विषयवार कमजोरियों की पहचान करने और स्कूलों में उनकी उपस्थिति अधिकतम सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक के अंत में सभी स्कूल मुखियाओं ने नियमित निगरानी और बेहतर शिक्षण रणनीतियों के जरिए मिशन सफलता को सफल बनाने का संकल्प लिया। विभाग का लक्ष्य सभी सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम सुधारकर शत-प्रतिशत सफलता हासिल करना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m