सिरसा : रिश्ते की बंदिशों और समाज के बंधनों को दरकिनार कर हरियाणा के सिरसा जिले में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ रिश्ते में आपस में ननद और भाभी लगने वाली दो युवतियों को एक-दूसरे से प्यार हो गया। दोनों ने पूरी जिंदगी एक-दूसरे के साथ बिताने का फैसला कर लिया और लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के लिए घर छोड़ दिया।

फतेहाबाद के होटल से हुईं बरामद

नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली ये दोनों युवतियां घर से अचानक लापता हो गई थीं। परिजनों की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस ने जब इनकी तलाश शुरू की, तो दोनों फतेहाबाद के एक होटल में रुकी हुई मिलीं। वे वहाँ लिव-इन-रिलेशनशिप में साथ रहने के लिए कानूनी दस्तावेज (कागज) तैयार करवा रही थीं। पुलिस ने दोनों को वहाँ से बरामद कर सिरसा के वन स्टॉप सेंटर पहुँचाया।

परिजनों ने मनाने की कोशिश की, पर नहीं मानीं

लड़कियों के मिलने की सूचना पर परिजन तुरंत वन स्टॉप सेंटर पहुँचे। परिजनों ने दोनों को समझाने और वापस घर लौटने के लिए मनाने की लाख कोशिशें कीं। यहाँ तक कि उन्हें घर में ही अलग-अलग कमरों में रहने का विकल्प भी दिया गया, ताकि वे अपने इस फैसले को बदल दें। लेकिन दोनों युवतियों ने घर वालों का यह प्रस्ताव साफ ठुकरा दिया।

‘हम बालिग हैं, अपनी मर्जी से आए हैं’

कानूनी सलाहकार और पुलिस अधिकारियों के सामने दर्ज कराए बयानों में युवतियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि वे एक-दूसरे को बेहद पसंद करती हैं। इनमें से एक युवती कॉलेज की छात्रा है, जिसकी उम्र 18 साल से अधिक है, जबकि दूसरी उसकी चचेरी भाभी है। युवतियों ने साफ कहा, “हम बालिग हैं और अपना भला-बुरा अच्छे से समझती हैं। हम अपनी मर्जी से साथ आए हैं और हमारे साथ कोई गलत काम नहीं हुआ है।”

देर शाम तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद भी दोनों ननद-भाभी अपने फैसले पर अडिग रहीं। उन्होंने साफ कर दिया कि वे साथ ही रहेंगी, लिव-इन में रहेंगी और आगे चलकर शादी भी करेंगी। बेटियों की इस जिद के आगे बेबस होकर परिजन आखिरकार बिना उन्हें लिए ही घर लौट गए। पुलिस प्रशासन के अनुसार, दोनों युवतियों को फिलहाल वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित रखा गया है और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा रही है।