कृष्ण कुमार सैनी, सिरसा : सिरसा जिले का रानियां थाना एक बार फिर चर्चा में है। महज 9 महीनों में यहां पांचवीं बार थाना प्रभारी बदला गया है। लगातार हो रहे तबादलों के चलते रानियां थाना पुलिस विभाग की सबसे चर्चित पोस्टिंग बन गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने हालिया तबादला आदेशों में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार को सिरसा सिटी थाना भेजते हुए उनकी जगह सब इंस्पेक्टर रामकुमार को रानियां थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया है। रामकुमार हाल ही में फतेहाबाद से स्थानांतरित होकर सिरसा आए थे और आर्थिक अपराध शाखा (इकोनॉमिक सेल) में तैनात थे। इससे पहले वे लंबे समय तक सीआईडी में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

रानियां थाना पिछले कई महीनों से लगातार सुर्खियों में रहा है। क्षेत्र में नशे से जुड़ी घटनाओं और अन्य कारणों के चलते कई थाना प्रभारी या तो निलंबित हुए या फिर उनका तबादला कर दिया गया।

पिछले 9 महीनों का रिकॉर्ड

22 अक्टूबर 2025: इंस्पेक्टर दिनेश कुमार नशे से दो युवकों की मौत के मामले के बाद निलंबित।

पीएसआई गुरनमिंदर सिंह: करीब 7 महीने 4 दिन का कार्यकाल, नशे से जुड़ी घटना के बाद कार्रवाई।

पीएसआई सुखबीर सिंह: महज 26 दिन में लाइन हाजिर।

इंस्पेक्टर संतोष कुमार: अल्प कार्यकाल के बाद सिरसा सिटी थाना भेजे गए।

अब एसआई रामकुमार को रानियां थाना की कमान सौंपी गई है।

लगातार हो रहे बदलावों के कारण रानियां थाना जिले का ऐसा थाना बन गया है, जहां कोई भी थाना प्रभारी लंबे समय तक टिक नहीं पाया। अब सभी की नजर नए प्रभारी रामकुमार पर रहेगी कि वे इस चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी को किस तरह संभालते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m