Sirsa Youth Congress Leader Murder : हरियाणा के सिरसा जिले के कालांवाली में युवा कांग्रेस नेता लवप्रीत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक जमीन विवाद सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, करीब 21 एकड़ जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। इसी विवाद में लवप्रीत की जान चली गई। मामले में उसके सौतेले भाई और चाचा समेत कई लोगों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।
डबवाली के पुलिस उपाधीक्षक ललित कुमार ने शनिवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जांच में मृतक के सौतेले भाई गुरलाल, चाचा चरणजीत, गुरचरण और तरसेम उर्फ सेमा सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की है।
खेत में कहासुनी के बाद बुलाए गए परिवार के लोग
पुलिस जांच के अनुसार, 3 अक्टूबर को लवप्रीत सिंह अपने पिता नाजम सिंह के साथ खेत में गया था। वहां खेत जोत रहे व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद खेत मालिक चरणजीत को फोन करके मौके पर बुलाया गया।
आरोप है कि चरणजीत के कहने पर गुरलाल और उसके बेटे भी लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर खेत में पहुंच गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने लवप्रीत तथा उसके पिता पर हमला कर दिया।
पैरों पर डंडे मारे, सिर पर कुल्हाड़ी से किया वार
हमले के दौरान लवप्रीत के पैरों पर लाठियों से कई वार किए गए। इसके बाद उसके सिर के पिछले हिस्से पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। वहीं, हमले में घायल उसके पिता नाजम सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पहली और दूसरी शादी से थे दो बेटे, 21 एकड़ जमीन बना विवाद की वजह
पुलिस की जांच में परिवार के भीतर चल रहा जमीन का विवाद हत्या की अहम वजह के रूप में सामने आया है। नाजम सिंह की पहली शादी से गुरलाल और दूसरी शादी से लवप्रीत सिंह था।
परिवार के पास करीब 21 एकड़ जमीन थी। पुलिस के मुताबिक, गुरलाल को इसमें से 7 एकड़ जमीन दी गई थी, लेकिन वह इससे संतुष्ट नहीं था। जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार में काफी समय से तनाव चल रहा था। इसी विवाद के चलते घटना को अंजाम दिए जाने का आरोप है।
CIA और थाना पुलिस ने मिलकर की कार्रवाई
डीएसपी ललित कुमार के मुताबिक, थाना पुलिस और सीआईए की टीम ने आरोपियों की लोकेशन के आधार पर कार्रवाई की। घटनास्थल पर करीब पांच लोगों की मौजूदगी की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी है, ताकि वारदात से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच की जा सके।
तीन साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
लवप्रीत सिंह कालांवाली में युवा कांग्रेस के हलका प्रधान होने के साथ कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता भी थे। उनकी हत्या से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है। लवप्रीत का एक तीन साल का बेटा भी है। हत्या के बाद कांग्रेस नेताओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई थी। अब पुलिस की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

