सिरसा। शहर के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के करीब छह दिन बाद युवक की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गंभीर हालत में उसे एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल रेफर किया जाता रहा। बाद में बठिंडा ले जाने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मौत से गुस्साए परिजनों और अन्य लोगों ने शनिवार शाम सिरसा के निजी अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ लोगों ने अस्पताल के गेट पर पत्थर भी फेंके। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली।

मृतक की पहचान शहर की जेजे कॉलोनी निवासी विक्की के रूप में बताई गई है। परिजनों के मुताबिक, विक्की को पत्थरी की शिकायत थी। करीब छह दिन पहले शहर के डीएमसी अस्पताल में उसका ऑपरेशन कराया गया था। ऑपरेशन के बाद उसे घर ले जाया गया था।

तबीयत बिगड़ी तो एक के बाद दूसरे अस्पताल ले गए

परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन के छह दिन बाद शनिवार को विक्की की तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके बाद वे उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताई और दूसरे निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

परिजनों का कहना है कि दूसरे अस्पताल में भी युवक को समय पर इलाज नहीं मिला। वहां से उसे बठिंडा रेफर किया गया। बठिंडा पहुंचने पर डॉक्टरों ने विक्की को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

युवक की मौत के बाद परिजन वापस सिरसा के निजी अस्पताल पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि मरीज को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भेजा जाता रहा, लेकिन समय पर इलाज नहीं मिला। परिजनों ने डॉक्टरों पर आपसी मिलीभगत का आरोप भी लगाया।

परिजनों के मुताबिक, मरीज को वेंटिलेटर पर रखा गया और काफी देर तक पंप किया जाता रहा। उनका आरोप है कि करीब 24 घंटे तक उन्हें अलग-अलग अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़े। इसी बात को लेकर प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने अस्पताल के गेट पर पत्थर फेंके।

परिवार में पत्नी और पांच माह का बेटा

परिजनों ने बताया कि विक्की शादीशुदा था और हेयर ड्रेसर का काम करता था। उसका पांच माह का बेटा है। वह परिवार का इकलौता बेटा था।

परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह से दोपहर तक वे विक्की के इलाज के लिए अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे। उसकी मौत के बाद मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m