शशांक द्विवेदी, खजुराहो। राजनगर विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की वाहन से कुचलकर मौत के मामले की जांच के लिये विशेष दल (SIT) गठन करने का सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है। बता दें कि 17 नवंबर 2023 को मतदान से ठीक पहले राजनगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर विक्रम सिंह (नाती राजा) के ड्राइवर व कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की गाड़ी से कुचलकर संदिग्ध मौत हो गई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की नए सिरे से और निष्पक्ष जांच के वास्ते वरिष्ठ अधिकारियों के अधीन एक विशेष जांच दल गठित करने का निर्देश दिया है। सुनवाई के दौरान सर्वोच्च अदालत ने माना कि पिछली जांच में राजनीतिक प्रभाव के कारण चश्मदीदों के बयानों को नजरअंदाज किया गया था। पीड़ित पक्ष की ओर से यह बात सामने रखी गई कि कई गवाहों ने शपथ पत्र देकर पुलिस को घटना की जानकारी दी थी, पर उनके बयान दर्ज नहीं किए गए थे।
सलमान की पत्नी रजिया अली ने सलमान की फोटो के साथ सोशल मीडिया पर post करते हुए लिखा, ‘आप से वादा किया था कि आपके हत्यारों को एक दिन सलाखों के पीछे भेज कर ही रहेंगे। आज वो दिन आ गया माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश से SIT गठित कर दी गई है, अब एक भी हत्यारा बाहर नहीं रहेगा। आपके हत्यारों को जेल मुबारक हो।’

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

