सीतामढ़ी। जिले के बैरगनिया प्रखंड अंतर्गत आने वाले अक्ता पश्चिमी चकवा पंचायत के तकिया टोला (वार्ड नंबर-5) में शनिवार सुबह खेत में दौड़े करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस भयानक हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​भैंस की तलाश में निकले थे पति, अंधेरे में बने शिकार

​घटना की शुरुआत शनिवार तड़के करीब 3 बजे हुई, जब स्थानीय निवासी मोहम्मद इस्लाम मंसूरी की पालतू भैंस अचानक खुलकर कहीं चली गई। अपनी भैंस की तलाश में इस्लाम मंसूरी अंधेरे में ही आसपास के खेतों की तरफ निकल पड़े। खोजबीन करते हुए वे इंदल पासवान के धान के खेत के पास पहुंचे।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत मालिक इंदल पासवान ने अपनी फसल को जंगली सुअरों के आतंक से बचाने के लिए खेत के चारों तरफ नंगे बिजली के तार बिछा रखे थे, जिनमें खतरनाक करंट प्रवाहित हो रहा था। अंधेरा होने के कारण मोहम्मद इस्लाम मंसूरी इस छिपे हुए खतरे को भांप नहीं पाए और तार की चपेट में आ गए। करंट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

​पति को बचाने आई पत्नी और बचाने पहुंचे ग्रामीण भी आए चपेट में

​काफी देर तक जब इस्लाम मंसूरी घर वापस नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी रुबैदा खातून चिंतित होकर उन्हें ढूंढते हुए खेत तक पहुंच गईं। वहां अपने पति को जमीन पर बेसुध पड़ा देख वह घबराकर उनके पास गईं और खुद भी उसी बिजली के तार की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी भी तुरंत जान चली गई।
​इसी बीच, गांव के ही असमत अली भी घटनास्थल पर पहुंचे और वह भी इस जानलेवा करंट की चपेट में आ गए। इस तरह देखते ही देखते एक ही परिवार और गांव के तीन लोगों की सांसें थम गईं। वहीं, इस हादसे में सैफ अली नामक चौथा व्यक्ति गंभीर रूप से रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।

​मौके पर मिले जंगली सुअरों के शव

​इस वीभषिका के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल पर दो जंगली सुअरों के शव भी बरामद हुए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि फसल नष्ट करने वाले ये जानवर भी पहले इसी करंट का शिकार हुए होंगे।
​घटना की सूचना मिलते ही बैरगनिया थानाध्यक्ष और स्थानीय मुखिया सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और अवैध रूप से बिजली का तार खींचने वाले लापरवाह लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।