सरोज कुमार गुप्ता, सीतामढ़ी। जिले के रुन्नीसैदपुर प्रखंड क्षेत्र के अथरी पंचायत में आज मंगलवार को आयोजित ‘सहयोग शिविर’ में बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री श्रेयासी सिंह ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि, सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि यदि किसी पदाधिकारी द्वारा मामलों को लंबित रखा गया या जनता की शिकायतों की अनदेखी की गई, तो ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर निलंबन भी किया जा सकता है।
कार्यालयों के नहीं लगाने होंगे चक्कर- श्रेयसी सिंह
श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अब लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए ब्लॉक कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सभी विभागों के अधिकारी पंचायत स्तर पर पहुंचकर 30 दिनों के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। शिकायत मिलने पर जिला स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीतामढ़ी का प्रभारी बनना सौभाग्य की बात
‘सहयोग शिविर’ को संबोधित करते हुए मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि, सीतामढ़ी मां जानकी की पावन भूमि है और इस जिले का प्रभारी मंत्री बनाया जाना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने इसके लिए पार्टी नेतृत्व और बिहार सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार विकास के लक्ष्य के साथ काम कर रही है, जहां प्रधानमंत्री विकसित भारत और मुख्यमंत्री समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करने में जुटे हैं।
बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग
‘सहयोग शिविर’ में प्रभारी जिलाधिकारी संजीव कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, एमएलसी रेखा गुप्ता , परिहार विधायक गायत्री देवी , भाजपा जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता, जदयू जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुशवाहा, पूर्व विधायक राम नरेश यादव, रुन्नीसैदपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी भाग लिया।
ये भी पढ़ें- ज्योति देवी के काफिले पर हमला करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, मांझी की चेतावनी के बाद बड़ा एक्शन

