सरोज कुमार गुप्ता/सीतामढ़ी। जिले के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद ही सनसनीखेज और खौफनाक मामला सामने आया है। यहां खड़का वार्ड संख्या-4 में प्रेम विवाह करके सात महीने पहले घर आई एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव उसी के घर के एक कमरे से बरामद किया गया है, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद से मृतका का पति मौके से फरार है।

​पूर्णिया की रहने वाली थी मृतका, भागकर की थी शादी

​मृतका की पहचान पूर्णिया जिले के बोचगांव निवासी मुख्तार आलम की पुत्री बीबी शबनम के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शबनम ने करीब सात महीने पहले खड़का गांव निवासी मोहम्मद किफायत के पुत्र मोहम्मद सगीर राइन उर्फ टुन्ना के साथ अपने घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के खड़का स्थित अपने घर में पति-पत्नी के रूप में अकेले रह रहे थे।

​एक दिन पहले हुआ था विवाद, अगले दिन मिला शव

​स्थानीय लोगों और पड़ोसियों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस घटना से ठीक एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर जमकर विवाद हुआ था। विवाद के अगले ही दिन मंगलवार को शबनम का शव घर के अंदर एक कमरे से संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत रुन्नीसैदपुर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।

​पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम

​सूचना मिलते ही रुन्नीसैदपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को भी इस दुखद घटना की सूचना दे दी है, हालांकि खबर लिखे जाने तक परिजन सीतामढ़ी नहीं पहुंच पाए थे।

​आरोपी पति की पांचवीं शादी की चर्चा

​इस बीच, गांव में यह चर्चा भी जोरों पर है कि आरोपी मोहम्मद सगीर राइन की यह पांचवीं शादी थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। रुन्नीसैदपुर थानाध्यक्ष ललित कुमार ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय लोगों के माध्यम से आरोपी की पांचवीं शादी होने की बात सामने आ रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

​पति की तलाश में जुटी पुलिस

​घटना के बाद से आरोपी पति मोहम्मद सगीर राइन उर्फ टुन्ना घर छोड़कर फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। थानाध्यक्ष का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हरसंभव पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।

https://lalluram.com/rohtas-looteri-dulhan-gang-busted-dalmianagar