सीतापुर की आदर्श नगर कॉलोनी में बिजली की मांग को लेकर बच्चों की मासूम अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. डीएम डॉ. राजगणपति आर के संज्ञान लेने के बाद विद्युत विभाग ने निरीक्षण किया और जल्द आपूर्ति शुरू करने की बात कही.

सीतापुर. महमूदाबाद क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी में बिजली की समस्या से परेशान बच्चों की मासूम अपील सोशल मीडिया पर चर्चा में है. बच्चों ने हाथ जोड़कर कहा, “डीएम अंकल, हमें बिजली दिला दीजिए.” वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन और विद्युत विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है.

महमूदाबाद के बेहटा छावनी वार्ड स्थित इस कॉलोनी में करीब 12 परिवार रहते हैं. इनमें अधिकांश परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी हैं, लेकिन पक्के मकान मिलने के बावजूद यहां बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्या बनी हुई है.

केवल एक घर में कनेक्शन

सीमित आय के कारण कॉलोनी के अधिकांश परिवार बिजली कनेक्शन के लिए आवश्यक बड़ी राशि जमा नहीं कर सके हैं. वर्तमान में पूरे मोहल्ले में केवल एक घर में बिजली कनेक्शन बताया गया है.

मामले की जानकारी मिलने पर विद्युत वितरण खंड महमूदाबाद के अधिशासी अभियंता एस.के. सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया.

कीचड़ में फंसी विभागीय गाड़ी

कॉलोनी की सड़क की बदहाल स्थिति निरीक्षण के दौरान भी सामने आई. कच्चे और दलदली रास्ते से गुजरते समय विद्युत विभाग की गाड़ी कीचड़ में फंस गई.

काफी प्रयास के बाद भी वाहन बाहर नहीं निकल सका. इसके बाद टीम को दूसरी गाड़ी बुलाकर वापस लौटना पड़ा.

निजी प्लॉटिंग का क्षेत्र

एक्सईएन सतीश कुमार वर्मा के अनुसार, यह क्षेत्र निजी प्लॉटिंग के तहत विकसित किया गया है. विनियामक आयोग के नियमों के मुताबिक ऐसे क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को 71.50 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद बिजली कनेक्शन दिया जाता है.

उन्होंने बताया कि कॉलोनी का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है.

डीएम ने लिया संज्ञान

बच्चों की अपील वाले वीडियो का डीएम डॉ. राजगणपति आर ने भी संज्ञान लिया. उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे.

बाद में डीएम ने जानकारी दी कि कॉलोनी निजी प्लॉटिंग के अंतर्गत विकसित की गई है और यहां जल्द ही विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी.