रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। इस दौरान वे पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो रही हैं। इसी बीच उन्होंने अभनपुर के एक निजी भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 139वीं कड़ी सुनी। इस अवसर पर स्मृति ईरानी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत पार्टी के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया पर साझा की जानकारी

स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान आज रायपुर ग्रामीण जिले के अंतर्गत अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 139वीं कड़ी का श्रवण किया। इस कड़ी में प्रधानमंत्री ने हैंडलूम के क्षेत्र में नई पहचान गढ़ती नारीशक्ति, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक बदलावों की प्रेरक कहानियों को रेखांकित किया। बिहार के मखाने का ग्रीस तक पहुंचना #VocalForLocal की सफलता का बड़ा उदाहरण है। ‘मन की बात’ के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री एवं समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई।”

उन्होंने आगे कहा कि ‘मन की बात’ की यह यात्रा देश के कोने-कोने से प्रेरक कहानियों को सामने लाने और जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सशक्त करने का प्रेरक माध्यम है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H