Indian women cricket team new captain: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को नया कप्तान मिल गया है। स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना अब टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया की कमान संभालेंगी। मंगलवार सुबह हरमनप्रीत कौर के तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने के ऐलान के बाद से ही स्मृति मंधाना का नाम सबसे आगे चल रहा था। अब बीसीसीआई ने उनके नाम पर आधिकारिक मुहर लगा दी है।

यानी सुबह जिस बदलाव की सिर्फ चर्चा और संभावना थी, कुछ ही घंटों बाद वह फैसला बन गया। हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जिम्मेदारी अब मंधाना के कंधों पर होगी। उनकी फुल-टाइम कप्तानी का पहला बड़ा असाइनमेंट जिम्बाब्वे दौरा होगा।

आंकड़ों में भी बेहद मजबूत है मंधाना का करियर

स्मृति मंधाना का इंटरनेशनल करियर करीब 13 साल लंबा है। 2013 में भारत के लिए डेब्यू करने वाली मंधाना अब तक तीनों फॉर्मेट में 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं। उनके नाम टेस्ट में 788, वनडे में 5,411 और टी20 इंटरनेशनल में 4,538 रन हैं। यानी कुल 10,737 इंटरनेशनल रन उनके खाते में हैं। उनके नाम 17 शतक और 75 अर्धशतक दर्ज हैं।

सितंबर 2026 में मंधाना ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की थी। एशिया कप में हांगकांग के खिलाफ 124 रन की पारी के दौरान उन्होंने मिताली राज को पीछे छोड़ते हुए महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम किया था।

ICC अवॉर्ड से लेकर WPL की सफलता तक

मंधाना की पहचान सिर्फ लगातार रन बनाने वाली बल्लेबाज के तौर पर नहीं है। उन्हें 2018 और 2021 में ICC Women’s Cricketer of the Year चुना गया था। इसके अलावा 2018 और 2024 में उन्होंने ICC Women’s ODI Cricketer of the Year का अवॉर्ड भी जीता।

फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी उनकी कप्तानी का रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। महिला प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तान के तौर पर मंधाना ने 2024 और 2026 में टीम को चैंपियन बनाया। भारत की कप्तानी मिलने के साथ अब घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में मिले इस अनुभव को इंटरनेशनल स्तर पर इस्तेमाल करने की चुनौती उनके सामने होगी।

जिम्बाब्वे दौरे पर इतिहास रचने का मौका

स्मृति मंधाना के लिए आगामी जिम्बाब्वे दौरा इसलिए भी खास रहने वाला है क्योंकि उनके पास टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है।

अगर वह इस सीरीज में अपना शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन जारी रखती हैं, तो महिला टी20 इंटरनेशनल में 5,000 रन पूरे करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनने की दहलीज पर पहुंच सकती हैं।

कप्तान बनने के बाद मंधाना ने क्या कहा?

कप्तानी मिलने के बाद स्मृति मंधाना ने बीसीसीआई के आधिकारिक बयान में इस जिम्मेदारी को अपने लिए गर्व और सम्मान की बात बताया। उन्होंने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करना हमेशा उनके लिए खास रहा है और अब टीम का नेतृत्व करने का मौका मिलना उनके लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।

मंधाना ने बीसीसीआई, चयनकर्ताओं, टीम की साथी खिलाड़ियों और अपने सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का आभार भी जताया।

हरमनप्रीत के योगदान को भी किया याद

नई कप्तान ने हरमनप्रीत कौर के योगदान की भी सराहना की। मंधाना ने कहा कि वह पिछले कुछ वर्षों में बतौर कप्तान हरमनप्रीत के योगदान को सलाम करती हैं।

हरमनप्रीत लंबे समय तक भारतीय महिला टीम की कप्तान रही हैं और इस दौरान टीम ने कई अहम मुकाबले खेले। अब उनकी जगह मंधाना के हाथों में कमान आने के साथ भारतीय महिला क्रिकेट में एक नए दौर की शुरुआत होगी।

अब सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारतीय टीम आने वाले विश्व कप और ओलंपिक जैसे बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी किस तरह करती है और बतौर कप्तान उनका कार्यकाल कैसा रहता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H