अनिल मालवीय, सीहोर। मध्य प्रदेश से गुजरात में अवैध शराब की तस्करी करने वाले बड़े नेटवर्क के मंसूबों पर सीहोर कोतवाली पुलिस ने पानी फेर दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर बिलकिसगंज-झागरिया रोड पर ग्राम बरखेड़ी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर एक ट्रक (MP 09 HG 2140) को पकड़ा है। इस ट्रक में बड़ी ही चालाकी से सीक्रेट चेंबर बनाकर भोपाल से गुजरात ले जाई जा रही करीब 41 लाख रुपये कीमत की 325 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक और क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया है।
तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए पूरी तरह से फिल्मी हथकंडा अपनाया था। ट्रक की बॉडी को दो हिस्सों में बांटा गया था। पीछे का बाहरी हिस्सा बड़ा और पूरी तरह खाली था, जिसमें सिर्फ सीमेंट बिखरी हुई थी ताकि सामान्य चेकिंग के दौरान ट्रक खाली नजर आए। वहीं, केबिन से सटे आगे के हिस्से में एक छोटा सीक्रेट कंपार्टमेंट बनाया गया था, जिसका लोहे का दरवाजा नट-बोल्ट से कस दिया गया था। जब पुलिस ने संदेह होने पर सख्ती से पूछताछ की और इस नट-बोल्ट वाले दरवाजे को खुलवाया, तो अंदर भारी मात्रा में एमडी और आरएस व्हिस्की की पेटियां भरी मिलीं।
कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में अलीराजपुर जिले के जोबट निवासी 24 वर्षीय बबलू चौहान और 33 वर्षीय सिकंदर मंडलोई को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के पास शराब परिवहन का कोई वैध दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा ताकि तस्करी के इस अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सके। यह महत्वपूर्ण कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे व नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। जिले भर में जुआ, सट्टा और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

