गुरुग्राम। सोहना में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक आरोपी को अपराध शाखा सोहना की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद तालीम उर्फ लंबी (26 वर्ष) निवासी गांव धोज, जिला फरीदाबाद के रूप में हुई है।

बैंक के पास से चोरी हुई थी बाइक

पुलिस के मुताबिक 9 सितंबर को एक व्यक्ति ने थाना शहर सोहना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी बाइक आईसीआईसीआई बैंक, सोहना के नजदीक खड़ी थी, जहां से अज्ञात व्यक्ति उसे चोरी कर ले गया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अपराध शाखा सोहना की टीम ने तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

सोहना-तावडू रोड से आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान अपराध शाखा सोहना की टीम ने आरोपी मोहम्मद तालीम को सोहना-तावडू रोड स्थित टूरिज्म कॉम्प्लेक्स के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने गुरुग्राम में बाइक चोरी की दो अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात भी कबूल की। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की दो बाइक बरामद कर लीं।

पहले से दर्ज हैं चार आपराधिक मामले

पुलिस जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ फरीदाबाद और गुरुग्राम में चोरी और छीना-झपटी के चार मामले पहले से दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी की बाइक को कहां खपाया जाता था। पूछताछ के आधार पर मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।