Sohna Drug Smuggling : गुरुग्राम। हरियाणा के सोहना में नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कबीर नगर निवासी 23 वर्षीय युवक आमिर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान 49 बोतल कफ सिरप और 520 प्रतिबंधित गोलियां मिली हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी इन दवाइयों को अवैध रूप से बेचने के लिए अपने मकान में छिपाकर रखता था।
सूचना के बाद मकान पर पुलिस की रेड
पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर को थाना शहर सोहना की टीम को सूचना मिली थी कि कबीर नगर निवासी आमिर नशीली दवाइयों का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नियमानुसार सर्च वारंट हासिल किया और औषधि नियंत्रक अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी के मकान पर छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही छत से खेत में फेंका कट्टा
रेड के दौरान आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने मकान की छत से एक प्लास्टिक का कट्टा पास के खेत में फेंक दिया। हालांकि पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और आखिरकार उसे सोहना क्षेत्र से पकड़ लिया।
पुलिस ने खेत में फेंके गए कट्टे को बरामद कर उसकी तलाशी ली। इसमें 41 बोतल Onerex कफ सिरप, 8 बोतल Wenrex कफ सिरप और Alprawin की 520 गोलियां मिलीं।
दिल्ली और जयपुर से लाता था दवाइयां
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कथित तौर पर दिल्ली और जयपुर से इन दवाइयों को लाता था और इसके बाद उन्हें अधिक कीमत पर बेचता था। बरामद दवाइयों में नियंत्रित पदार्थ होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जाएगी। पुलिस अब इस मामले में यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के संपर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



