राम कुमार यादव, अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां जमीन को लेकर हुए विवाद में बेटे ने पिता की हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और आगे की जांच शुरु कर दी।

जमीन बेचने से नाराज था बेटा

यह पूरा मामला दरिमा थाना अंतर्गत भालूकछार ग्राम पंचायत के इमलीपारा का है। मृतक की पहचान रमाशंकर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमाशंकर ने कर्ज चुकाने के लिए करीब 7 से 8 लाख रुपये में जमीन बेची थी। इसी बात को लेकर बेटा मुकेश सिंह (32) नाराज था।

टंगिया मारकर उतारा मौत के घाट

रमाशंकर जब अपनी पत्नी के साथ खाना खा रहा था, तभी मुकेश ने विवाद शुरु कर दिया और देखते ही देखते विवाद खूनी वारदात में बदल गया। मुकेश ने अपने पिता के सिर पर टंगिया से हमला कर दिया। इस घटना में रमाशंकर की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की हिरासत में आरोपी बेटा

इधर घटना की सूचना मिलते ही दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे मुकेश सिंह को हिरासत में ले लिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हत्या के पूरे घटनाक्रम और विवाद के कारणों की जांच में जुटी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H